best news portal development company in india

सीएम मान ने व्हाट्सएप चैटबोट का किया उद्घाटन, अब लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी हर जानकारी मोबाइल पर, 200 नए क्लीनिक खुलेंगे

SHARE:

पंजाब में अब लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी हर जानकारी मोबाइल पर मिलेगी। सीएम मान ने रविवार को व्हाट्सएप चैटबोट का उद्घाटन किया है। ऐसे में लोगों को दवाओं व रिपोर्ट्स की जानकारी मोबाइल पर ही उपलब्ध हो जाएगी। 

चंडीगढ़।  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को आम आदमी क्लीनिकों के लिए व्हाट्सएप चैटबोट का उद्घाटन किया। चैटबोट के जरिये अब मोबाइल पर दवाओं व रिपोर्ट्स की जानकारी मिलेगी। साथ ही समय पर लोगों को इस पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। जैसे त्योहारों के समय शुगर के मरीजों को मैसेज भेजा जाएगा कि वे मिठाइयों का सेवन कम करें, ताकि उनका शुगर लेवल सही रहे। प्रदेश में अगले महीने से 200 आम आदमी क्लीनिक और खुलेंगे, जिससे इन क्लीनिकों की संख्या बढ़कर 1081 हो जाएगी। साथ ही अब सभी क्लीनिकों पर एंटी रेबीज वैक्सीन भी उपलब्ध रहेगी, जिससे हर साल 8 लाख लोगों को फायदा होगा। 

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जब लोग बीमारियों से ग्रस्त होते हैं तो कहते हैं कि हमारा इलाज मत करवाना, क्योंकि इलाज बहुत महंगा है। पंजाब के मालवा में बहुत अधिक लोग कैंसर से ग्रस्त हैं। संसद कार्यकाल के दौरान प्रदेश में कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए तीन बसों की व्यवस्था की। हमने फ्री हेल्थ चेकअप की व्यवस्था की है। लोगों ने कैंसर से हार कर आस छोड़ दी थी। उनको इलाज करवाने के लिए प्रेरित किया गया और लोगों को इलाज के लिए संगरूर भेजा गया।  पिछली सरकारों ने बिल्कुल भी स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता नहीं दी। मान ने कहा कि अब चैटबोट परियोजना शुरू होने से लोगों सब कुछ अब मोबाइल पर ही मिलेगी। लोग दवाएं लेना न भूले, इसके बारे में भी मरीजों को रिमाइंडर भेजा जाएगा। लोगों की परवाह करना सरकार की जिम्मेदारी है।

बॉर्डर बेल्ट में दूषित पानी से बच्चों के बाल सफेद, हर घर में व्हीलचेयर

सीएम मान ने कहा कि बॉर्डर बेल्ट में पानी दूषित है और भरी धातुओं की मौजूदगी है, इसलिए डब्ल्यूएचओ के अधिकारियों को वहां जाकर देखना है। पांच साल के बच्चों के बाल सफेद हो गए हैं। हर घर में व्हीलचेयर मिलेगी, क्योंकि बच्चे ठीक पैदा नहीं हो रहे हैं। आप वहां पर पानी भरेंगे तो दो मिनट में वो पानी काला हो जाएगा। वहां जाकर कहीं से भी हंसता खेलता पंजाब नहीं लगता है, उस पर हमें काम करना पड़ेगा। अब सरकारी अस्पतालों पर पहले से लोगों का विश्वास बढ़ा है। मान ने कहा कि हमने इसमें बदलाव किया है। अब बाहर से दवाएं लेने की जरूरत नहीं है। अस्पतालों में ही दवाओं की व्यवस्था की जा रही है। मान ने कहा कि स्वास्थ्य बजट बढ़ाने की जरूरत है और उनकी सरकार की यह प्राथमिकता है।

सिर्फ चालान काटने के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस

मान ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस व अन्य शहरों की पुलिस सिर्फ चालान काटने के लिए है। वो तो चाहते हैं कि लोग रेड लाइट जंप करें। हमने सड़क सुरक्षा फोर्स को सड़के हादसे रोकने के लिए सभी तरह की गाड़ी में सुविधाएं दी। इसमें फर्स्ट एड किट और सड़क हादसों में उपयोग के लिए अन्य उपकरण हैं। मान ने कहा कि प्रदेश में एक साल में इससे 48 प्रतिशत हादसे कम हो गए हैं। संसद में भी इस बारे में जानकारी दी गई थी। तीन राज्यों के निवेदन आए हैं कि हमारी पुलिस को प्रशिक्षण दें, जिसके लिए मैंने सहमति दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई