अमृतसर। पंजाब में आज बारिश को लेकर मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम में बड़ा बदलाव कल यानी सोमवार से देखा जा सकता है। इधर, हिमाचल में लगातार हो रही बारिश के कारण ब्यास दरिया का जलस्तर पिछले 24 घंटे में दोगुना हो गया है। ऐसे में ब्यास के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बीते दिन पंजाब के कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई, जिससे अधिकतम तापमान में करीब 1.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। सबसे ज्यादा तापमान रूपनगर के भाखड़ा डैम क्षेत्र में 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य जिलों की बात करें तो अमृतसर में 32.3°C, लुधियाना में 32.2°C, बठिंडा में 31.6°C और पटियाला में 31.2°C तापमान दर्ज हुआ।
बारिश के आंकड़ों में सबसे ज्यादा 41.5 मिमी बारिश होशियारपुर में हुई। इसके अलावा रूपनगर में 13 मिमी, मोगा में 4 मिमी, लुधियाना में 0.4 मिमी और पटियाला में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।








