best news portal development company in india

लैंड पूलिंग के खिलाफ शिरोमणि अकाली दल 1 सितंबर से आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ मोर्चा शुरू,मोहाली में केजरीवाल का निवास घेरेंगे

SHARE:

चंडीगढ़। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (SAD) की ओर से आज लैंड पूलिंग पॉलिसी के खिलाफ चल रहे संघर्ष को तेज करने के लिए कोर कमेटी, वर्किंग कमेटी, जिला प्रधानों और हलका इंचार्जों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शिरोमणि अकाली दल 1 सितंबर से आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ मोर्चा शुरू करेगा।

यह मोर्चा मोहाली स्थित गुरुद्वारा अंब साहिब से रोजाना निकलेगा और मोहाली में स्थित उस स्थान तक जाएगा, जहां केजरीवाल ‘शीश महल’ बनाकर रह रहे हैं। भले ही इस दौरान उनके नेताओं और वर्करों की गिरफ्तारियां क्यों न हों। इसके अलावा उन्होंने मजीठिया पर हुई कार्रवाई की निंदा की है।

उन्होंने सरकार से कहा है कि वह इस पॉलिसी को तुरंत वापस लें, वरना जब हम सत्ता में आएंगे तो अपनी पहली कैबिनेट बैठक में इस पॉलिसी को रद्द कर देंगे—जैसे हमने एसवाईएल की जमीन किसानों को लौटाकर किया था। इससे पहले कल शिरोमणि अकाली दल ने 18 महासचिवों की नियुक्ति की थी।

सभी से माफी मांगता हूं, पार्टी में लौट आइए

बादल सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि दो घंटे तक चली बैठक में यह फैसला लिया गया कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने जो आदेश कल जारी किया है, उसमें कहा गया है कि सारी कौम को एकजुट होना चाहिए और सभी ग्रुपों को साथ आना चाहिए। उन्होंने कहा, “शिरोमणि अकाली दल का प्रधान होने के नाते मैं स्पष्ट करता हूं कि जो भी आदेश तख्त से आए हैं, उन्हें हम पहले भी मानते आए हैं और आगे भी मानते रहेंगे।”

“तख्त का संदेश है कि आज हमारी कौम पर बड़े हमले हो रहे हैं, धर्म और पंजाब पर हमले हो रहे हैं और किसानों की जमीनें छीनी जा रही हैं। शिरोमणि अकाली दल हमेशा से कौम की पार्टी रही है।” “कई साथी हमसे नाराज होकर अलग हो गए और अपने-अपने ग्रुप बना लिए। मैं उन सबसे हाथ जोड़कर विनीत करता हूं कि पार्टी में वापस आ  जाएं। अगर आप मुझसे नाराज हैं, तो मैं हाथ जोड़कर आपसे माफी मांगता हूं। हम आपका दिल से स्वागत करेंगे।

मजीठिया मामले को लेकर गवर्नर से मिलेंगे

बिक्रम सिंह मजीठिया पर लगातार झूठे केस बनाए जा रहे हैं और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। पिछले पांच वर्षों में अलग-अलग एसआईटी गठित की गईं, लेकिन अब तक कोई चालान पेश नहीं किया गया। अब माझा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है कि वे उनके खिलाफ बयान दें। उन्होंने सरकार की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा कि हम यह पूरा मामला गवर्नर साहब के पास लेकर जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सरकार किस प्रकार से काम कर रही है। उन्होंने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर किसानों पर हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब का सारा पैसा लूटकर आम आदमी पार्टी देशभर में अपने संगठन को खड़ा करने में लगी है।

30 हजार करोड़ जुटाने में जुटी

सुखबीर ने आरोप लगाया कि लैंड ग्रैबिंग पॉलिसी सिसोदिया, केजरीवाल और जैन ने मिलकर बनाई है। दिल्ली के बिल्डरों से जमीन के सौदे कराए गए हैं और करीब 30 हजार करोड़ रुपए की डील करवाई गई है। अब पंजाब में किसानों की जमीन हथियाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कमिश्नर, एसएसपी और डीसी किसानों व कारोबारियों को बुलाकर जबरन जमीन देने के लिए विवश कर रहे हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि वे इस संघर्ष से पीछे हटने वाले नहीं हैं

लुधियाना से शुरू किया गया था संघर्ष

लैंड पूलिंग के खिलाफ अकाली दल ने लुधियाना चुनाव के समय ही संघर्ष का ऐलान कर दिया था। पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने लुधियाना से ही अपनी रैलियों की शुरुआत की थी। इसके बाद वे मोहाली, लुधियाना समेत प्रदेश के कई बड़े शहरों में रैलियां कर चुके हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि जब तक सरकार यह पॉलिसी वापस नहीं लेती, पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई