पंचकूला। पंचकूला से बीजेपी ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ी मदद भेजी है। प्रदेश कार्यालय से राहत सामग्री से भरे तीन ट्रक रवाना किए गए, जिन्हें प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया ने हरी झंडी दिखाई।

पंचकूला में पंजाब के लिए बाढ़ सामग्री रवाना करते हुए BJP प्रदेशाध्यक्ष माेहनलाल बड़ौली और प्रभारी सतीश पूनिया।
इस मौके पर सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पंजाब के हालात का जायजा लेने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीजेपी देशभर में पूरी उदारता के साथ कार्य कर रही है और पार्टी कार्यकर्ता अपने स्तर पर भी पंजाब, हिमाचल और जम्मू के बाढ़ प्रभावितों तक मदद पहुंचा रहे हैं।
पूनिया ने यह भी कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पहले ही तीनों प्रदेशों को 5-5 करोड़ रुपए की सहायता राशि दे चुके हैं, ताकि बाढ़ पीड़ितों को तुरंत राहत मिल सके।

सामाजिक संवेदना के साथ काम करती है BJP
प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी हमेशा सामाजिक संवेदनाओं के साथ काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीति को केवल चुनाव तक सीमित नहीं रखती, बल्कि किसानों और बाढ़ प्रभावितों के बीच जाकर उनके हालात की समीक्षा भी कर रही है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार लगातार प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के प्रयास कर रही है और जलभराव वाले इलाकों में अधिकारी निकासी के प्रबंधों में जुटे हुए हैं। पूनिया ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि वह केवल राजनीति कर रही है, जबकि अच्छा होता अगर कांग्रेसी भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कोई ठोस कदम उठाते।







