अमृतसर । पंजाब के अमृतसर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गैंगवार के मुख्य आरोपी को जब पुलिस पकड़ कर मौका मुआयना कराने ले गई तो उसने पुलिस की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर गोली चला दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायर किए। क्रॉस फायरिंग में पुलिस ने गैंगवार के मुख्य आरोपी सुधांशु शर्मा को पुलिस ने पैर में गोली मारकर पकड़ लिया है।


ताबड़तोड़ गोलियां मारकर की थी वारदात: बुधवार रात करीब 1 बजे बाइक सवार 5-6 हमलावरों ने फिल्मी स्टाइल में गोल्डन एवेन्यू मेन रोड पर कार सवार युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। कार चला रहे निमिश निवासी सुल्तानविंड रोड को 14 गोलियां लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। साथ में बैठे हरप्रीत सिंह उर्फ गंजा को 3 गोलियां लगी थी, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
तीन बाइकों पर सवार थे हमलावर: हमलावर 3 बाइकों पर सवार थे। उन्होंने पहले हवाई फायर किया और फिर कार के टायर में गोली मारी। टायर फटने से कार खंभे से टकरा गई। इसके बाद हमलावरों ने घेरकर कार पर अंधाधुंध गोलियां चला दी। कार के शीशे तक गोलियों से छलनी हो गए। पुलिस को घटनास्थल से कई गोलियों के खोल बरामद हुए।
- तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा : पुलिस ने वारदात के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें रजत उर्फ बब्बर(19) निवासी न्यू नेहरू कॉलोनी मजीठा रोड, आदित्य कुमार(19) निवासी डीएस एस्टेट अमृतसर ग्रामीण और सुधांशु शर्मा (23) उर्फ ब्राह्मण निवासी मजीठा रोड को गिरफ्तार किया था।
- बदमाशों ने भारी मात्रा में हथियार बरामद : पुलिस ने सुधांशु शर्मा के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए। जिनमें एक 30 बोर पिस्तौल व 3 जिंदा कारतूस, एक 32 बोर पिस्तौल और एक 45 बोर पिस्तौल समेत 7 जिंदा कारतूस बरामद किए है।
- पुलिस की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग की : पुलिस के अनुसार, जब सुधांशु शर्मा को बरामदगी के लिए ले जाया गया तो उसने अचानक पुलिसकर्मी गुरइकबाल सिंह की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में SHO हरप्रकाश सिंह ने अपनी सर्विस पिस्टल से गोली चलाई, जो सुधांशु शर्मा की दाहिने पैर में लगी।







