लुधियाना। पंजाब में कानून व्यवस्था को ठेंगा बताते हुए दो युवकों ने लुधियाना-जालंधर नेशनल हाईवे पर सरेआम फायरिंग कर दहशत फैलाई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक युवक हाथ में पिस्टल और दूसरे हाथ में शराब का पैग पकड़े नजर आ रहा है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक अपने साथी को गोली चलाने का तरीका सिखा रहा है और इसी दौरान करीब तीन फायर किए गए। घटना लुधियाना के शिवपुरी चौक के पास की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और लोकेशन ट्रेस कर मौके पर जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि युवकों ने पहले चौक पर जमकर हंगामा किया और फिर हवा में फायरिंग कर दी।
एसएचओ ने कहा कि घटना स्थल पर जाकर आसपास के लोगों से पूछताछ की जाएगी और सेफ सिटी कैमरों की भी मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में दो अलग-अलग क्लिप जोड़े गए हैं, जिसे तकनीकी विशेषज्ञों से भी जांचा जाएगा। पुलिस अब दोनों युवकों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।








