लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में 3 साल की बच्ची से रेप की कोशिश करते आरोपी को लोगों ने दबोच लिया। इसके बाद उसकी जमकर छित्तर परेड की। आरोपी उस वक्त नशे में था। रेप की कोशिश के वक्त बच्ची चिल्लाई तो लोगों को पता चला।

आरोपी को पकड़कर पिटाई करते लोग।
पकड़े जाने पर आरोपी ने गालियां निकाली तो लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर पुलिस बुला ली। जिसके बाद थाना टिब्बा की पुलिस वहां पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर चली गई। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लोगों की तरफ से पकड़ा गया आरोपी।
जानिए पूरा मामला..
- टॉफी के लालच देकर दोस्त के कमरे में ले गया: जानकारी के मुताबिक बुधवार (1 अक्टूबर) की रात को टिब्बा इलाके के महाराणा प्रताप नगर में एक व्यक्ति शराब के नशे में आया। वह 3 साल की बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। उसने बच्ची को दुकान से टॉफी भी दिलवाई। इसके बाद वह बच्ची को घर छोड़ने के बजाय अपने दोस्त के कमरे में ले गया।
- प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ की, रेप की कोशिश पर बच्ची चिल्लाई: जहां बच्ची के कपड़े उतारकर वह उसके प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ करने लगा। आरोपी ने बच्ची से रेप करने की कोशिश भी की। इसी दौरान बच्ची ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आरोपी ने उसका मुंह बंद करने की कोशिश की लेकिन तब तक आसपास के लोगों ने बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुन ली। तुरंत लोग इकट्ठा हो गए।
- लोगों ने पकड़ना चाहा तो गालियां देने लगा, फिर पिटाई की: लोग आरोपी के दोस्त वाले कमरे में गए तो वह बच्ची से रेप करने की कोशिश कर रहा था। जब लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह लोगों को गालियां देने लगा। जिससे लोग भड़क गए। लोगों ने उसके चंगुल से बच्ची को छुड़ाया। इसके बाद लोग उसे कमरे से बाहर निकाल लाए और जमकर धुनाई की। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
मां बोली- मेरे गांव का, रिश्ते में मामा लगता है
बच्ची की मां ने बताया कि आरोपी उसके मायके के गांव का रहने वाला है। इसी वजह से उसका उनके घर आना-जाना था। रिश्ते में वह बच्ची का मामा लगता है। शराब के नशे में वह बच्ची को बहाने से अपने साथ ले गया और दोस्त के कमरे में रेप की कोशिश की।








