जालंधर। जालंधर के दुग्गल ढाबे के पास अकबर कन्फेक्शनरी में चोरी हुई है। वारदात के CCTV फुटेज सामने आए हैं। चोरों ने करीब 36 मिनट में इस वारदात को अंजाम दिया और आराम से निकल गए। गली में इस चोरी की किसी को भनक तक नहीं लगी। घटना रात करीब ढाई बजे की है। दुकानदार मोहम्मद सलीम सुबह जब दुकान पर आए तब जाकर चोरी का पता चला। दुकानदार का कहना है कि चोर बहुत सी सिगरेट की डिब्बियां और 35 से 40 हजार रुपए के सिक्के ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


दूसरी बार हो गई दुकान पर चोरी
दुकानदार सलीम ने बताया कि दूसरी बार उनकी दुकान पर चोरी हुई है। इससे पहले भी जब चोरी हुई थी तो पुलिस को शिकायत दी थी मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
चार युवकों ने की चोरी, बोरियां भरते दिखे
फुटेज में देखा गया कि बाइक पर सवार दो युवक दुकान के बाहर आते हैं और कुछ देर बाद ताला तोड़ने लगते हैं। थोड़ी ही देर में दो और युवक वहां आ जाते हैं। चारों मिलकर दुकान से नगदी और सामान बोरी में भरकर फरार हो जाते हैं।
ढाबा मालिक दुग्गल बोले-चोरी की घटनाएं बढ़ रहीं
ढाबा के मालिक संजीव दुग्गल और राजीव दुग्गल ने बताया कि उनके ढाबे के आसपास पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। राजीव दुग्गल ने बताया के चोरों ने बिना किसी डर के 36 मिनट तक चोरी की घटना को अंजाम दिया ।
3 लाख रुपए का नुकसान
दुकानदार मोहम्मद सलीम के अनुसार, चोर करीब 35 से 40 हजार रुपए के सिक्के और अन्य सामान ले गए। कुल मिलाकर करीब 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी दीवाली के अगले दिन चोरों ने दुकान का शटर तोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय बचाव हो गया था।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
पीड़ित ने बताया कि उसने पहले भी चोरी की शिकायत पुलिस को दी थी, मगर अब दोबारा से चोरी की वारदात हो गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।








