अमृतसर। बॉलीवुड एक्टर सनी देओल आज सुबह-सुबह पंजाब के अमृतसर स्थित हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनके बेटे करण देओल और उनकी पत्नी भी मौजूद थीं। माथा टेकने के बाद सनी देओल ने शहर की मशहूर ज्ञानी दी चाय पी और समोसे खाए। इस दौरान उन्होंने मुस्कराते हुए कहा- ज्ञानी, ज्ञानी की चाय पी रहा। वहीं उन्होंने चटनी के लिए मना करते हुए कहा कि बस चाय और समोसे ही काफी हैं। उन्होंने कहा कि अमृतसर आकर दिल खुश हो गया। ज्ञानी की चाय तो बस, वाहेगुरु की मेहर है।
फिल्म की शूटिंग करके मुंबई लौटे सनी देओल
सनी देओल अपने बेटे करण देओल के साथ अमृतसर में फिल्म लाहौर 1947 की शूटिंग कर रहे थे। आज ही वह शूटिंग खत्म करके मुंबई के लिए रवाना हुए। फिल्म लाहौर 1947 असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिने लाहौर नईं देख्या, ओ जम्या ई नईं’ पर आधारित है, जो 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बना है।

प्रीति जिंटा और अभिमन्यु सिंह भी आएंगे नजर
फिल्म को बनाने वाले आमिर खान हैं और इसे निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं। फिल्म में प्रीति जिंटा और अभिमन्यु सिंह भी दिखाई देंगे।

इन जगह पर हुई फिल्म की शूटिंग
अमृतसर में फिल्म की शूटिंग खालसा कॉलेज, खासा और अटारी रेलवे स्टेशन पर की गई है। इस दौरान कई फैंस ने हरिमंदिर साहिब और खालसा कॉलेज के बाहर उनसे मिलने की कोशिश की।








