जालंधर । जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर एक दिन पहले ट्रेन के दरवाजे बंद मिलने का वीडियो सामने आने के बाद कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां पर उन्होंने छठ पूजा के लिए बिहार जा रहे यात्रियों से बात की। परगट ने रेलवे की तैयारियों को नाकाफी बताया।

बिहार जाने वाले यात्री एमएलए परगट सिंह को टिकट न मिलने की समस्या बताते हुए।
यात्रियों को मिल रही बेहतर सुविधाओं के वीडियो एक्स हैंडल पर अपलोड कर रहे रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू पर कहा कि वह रेल मंत्री कम और रील मंत्री ज्यादा लग रहे हैं। इस दौरान एक यात्री सूरज प्रकाश ने बताया कि उनकी फैमिली के 10 लोग बिहार जा रहे हैं, लेकिन टिकट 2 ही मिल पाए हैं।

5 ट्रेनें नाकाफी, पंजाब में 20 लाख से ज्यादा प्रवासी
विधायक परगट सिंह ने कहा कि पंजाब से छठ पूजा को लेकर केवल 5 ट्रेनें चलाई जा रही हैं। जबकि इतनी ट्रेन नाकाफी हैं। उन्होंने कहा कि मोटे अनुमान के अनुसार पंजाब में 20 लाख से ज्यादा प्रवासी हैं, जो हर साल छठ पूजा के लिए बिहार जाते हैं।
इतने यात्रियों के लिए रेलवे को ट्रेनों की संख्या बढ़ानी चाहिए, ताकि यात्री सुविधाजनक तरीके से यात्रा कर सकें। परगट सिंह ने कहा कि सिटी रेलवे स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं को बीते दिन सामने आई एक वीडियो ने ही बता दिया है। इसमें सीट के लिए और ट्रेन में घुसने के लिए यात्री मारामारी करते नजर आ रहे हैं।
परगट सिंह ने कहा कि रेलवे विभाग भले ही बिहार जाने वाले यात्रियों को पर्याप्त सुविधाएं देने का दावा कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। पंजाब रूट से बहुत कम संख्या में ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिसके कारण कई जगहों पर अफरा-तफरी और अव्यवस्था की खबरें सामने आ रही हैं। परगट सिंह ने केंद्रीय राज्य रेल मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह केवल ‘रील मंत्री’ हैं। उनके काम सिर्फ वीडियो तक सीमित हैं, जबकि धरातल पर स्थिति अलग है।

रेलवे का क्लेम सही नहीं है, ओवरक्राउड है
विधायक ने कहा कि देखिए रेलवे की तरफ से जो क्लेम किया जा रहा है, वैसा कुछ नहीं है। मेरे अनुसार जितने और जैसे इंतजाम होने चाहिए उतने नहीं हैं। रेलवे स्टेशनों पर ओवरक्राउड है। सिर्फ टेंट लगाना कोई सुविधा नहीं होती।
ट्रेनें भी जितनी चलनी चाहिए उतनी नहीं है। मेरे ख्याल से और ट्रेनें चलाई जानी चाहिए थी। रेलवे की प्रॉपर्टी को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए। जो भी लोग नुकसान पहुंचाते हैं, मैं उनके खिलाफ कार्रवाई के पक्ष में हूं। केंद्र सरकार छठ पूजा को लेकर सोशल मीडिया की सरकार बन गई है।








