जालंधर। पंजाब के पूर्व CM एवं भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह गुरुवार को मोगा पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मैं बहुत देर बाद बाहर आया हूं। मेरी फिजिकल प्रॉब्लम चल रही थी। फौज की नौकरी के दौरान मुझे रीढ़ में चोट लग गई थी, इसका इलाज चल रहा था। अब मैं ठीक होकर मैदान में आ गया हूं। अब फतेह करके ही छोड़ेंगे। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि 2027 में पंजाब विधानसभा का इलेक्शन तो दूर है। इससे पहले ही माहौल गर्म हो जाएगा। हम खुलकर भाजपा की मदद करेंगे। लोगों का भाजपा के प्रति नजरिया बदला है। इसका हमें आने वाले समय में फायदा मिलेगा।
राहुल गांधी के PM मोदी के डांस करने को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि राहुल गांधी को समझ ही नहीं है। क्या बोलते हैं उसे नहीं पता। आपने देखा भारत के किसी प्राइम मिनिस्टर को डांस करते। डांस तो ट्रंप करता है। नवजोत सिंह सिद्धू पर कहा कि वो मेरी सरकार में मिनिस्टर रहा। तीन पोर्टफोलियो देखता रहा, लेकिन 7-7 दिन उससे फाइलें क्लियर नहीं होती थीं। राजा वड़िंग पर कहा कि वो क्या करतूत करता है, उसे देखना चाहिए।

- 2027 में समझौते की जरूरत न पड़े: 2027 विधानसभा इलेक्शन में दूसरी पार्टियों के साथ समझौते के सवाल पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि PM मोदी ने पंजाब के लिए काम किया है। लोगों ने पार्टी के प्रति पॉजिटिविटी है। आप देख रहे हैं कि जिस तरीके से हमारे साथ लोग जुड़ रहे हैं, मुझे लगता है कि शायद हमें किसी दूसरी पार्टी के साथ समझौते की जरूरत ही न पड़े।
- भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ सकती है: पूर्व CM ने कहा कि कि भाजपा पंजाब में अपने दम पर भी चुनाव लड़ सकती है। हालांकि अभी समय है और चुनाव के नजदीक ही इसका पता चलेगा। वैसे भी समझौता करना या नहीं करना इस बात का फैसला स्टेट लेवल पर नहीं होता। पार्टी हाईकमान ही इस पर फैसला लेती है।
- तरनतारन जाऊंगा, वहां हमारी अच्छी फाइट होगी: कैप्टन ने कहा कि तरनतारन में हो रहे उपचुनाव को लेकर अभी मैं वहां नहीं जा पाया हूं। आने वाले दिनों में वहां जाने की योजना है। शायद मैं जल्द ही वहां पर जाऊं। लेकिन मेरी पार्टी के पदाधिकारियों से लगातार बात हो रही है। BJP की पोजिशन अच्छी है। हम वहां पर फाइट में हैं।
- राहुल पता नहीं क्या कहता है, डांस तो ट्रंप करता है: राहुल गांधी के PM मोदी पर दिए गए बयान कि वो मंच पर डांस करते हैं, के जवाब में कैप्टन ने कहा कि राहुल कुछ भी कह सकते हैं। उनको खुद नहीं पता क्या कहते हैं। आपने देखा कभी भारत के किसी PM को स्टेज पर डांस करते हुए। मोदी कहां पर डांस करते हैं। डांस तो ट्रंप करता है।
- PM मोदी ने भारत का नाम चमकाया: पूर्व CM ने कहा कि PM मोदी ने भारत का पूरे वर्ल्ड में नाम चमकाया है। देखा है न आप सबने अमेरिका में कैसे मोदी-मोदी के नारे लगते हैं। सारे देश भारत का सम्मान करते हैं। ये मोदी के कारण ही संभव हो पाया है। देश में भी पार्टी मजबूत है। पहले हम हथियार खरीदते थे आज हथियार बेचते हैं।
- मैंने नशे की कमर तोड़ने की सौगंध खाई थी: पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर कैप्टन ने कहा कि ये बंदा 100 बार एक ही बात कर चुका है। मैंने गुटका साहिब की सौगंध खाकर जरूर कहा था कि मैं पंजाब में नशे की कमर तोड़ दूंगा। इसका मतलब ये नहीं कि मैंने कहा कि नशे बंद हो जाएंगे। इससे मैं कभी मुकरा थोड़े न हूं। मैं इसके लिए छत्तीसगढ़ से डीजीपी हरप्रीत सिद्धू को लेकर आया। इनको हेड ऑफ एंटी ड्रग बनाया। तब 1 लाख लोग नशे तस्कर पकड़े थे। जेलों में जगह नहीं बची थी।
- बिक्रम मजीठिया को जेल में डालना गलत: पूर्व सीएम ने कहा कि मैंने मजीठिया की सपोर्ट इसलिए की, क्योंकि हाईकोर्ट ने कहा था कि मजीठिया की जांच की रिपोर्ट बंद लिफाफे में रखो। इसके बाद हरप्रीत सिद्धू ने अपनी रिपोर्ट दी। अब CM भगवंत मान इसकी दोबारा जांच क्यों करवा रहे हैं। ये कानून के खिलाफ है। मजीठिया को जेल में डालना गलत है।
- राजा वड़िंग अपनी करतूतों को देखे: कांग्रेस सरकार आने पर पंजाब से गैंगवार खत्म करने के वड़िंग के बयान पर पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि राजा वड़िंग पहले अपनी तरफ देखे कि वो कर क्या रहा है। उसे पहले अपनी करतूतों को देखना चाहिए, इसके बाद ही कोई बयान जारी करना चाहिए।
- BSF को 40 किलोमीटर तक सर्च की परमिशन दी: कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि 2002 में जब में CM बना तो इससे पहले दरिया क्रॉस करके तस्कर आते थे। इसके बाद हमने BSF को कहा कि आप 7 किलोमीटर तक सर्च करो। इसके बाद ड्रोन आने लगे। वो 40 किलोमीटर अंदर तक आने लगे। इसके बाद BSF को 40 किलोमीटर तक सर्च की परमिशन दी।
- नवजोत सिद्धू से तो फाइलें क्लियर नहीं होती थीं: कैप्टन ने कहा कि मैं अब नवजोत सिद्धू के बारे में भी बताता हूं। जब वो मेरी सरकार में मिनिस्टर था तो 7 महीने तक फाइलें क्लियर नहीं करता था। मुझे सेक्रेटरी ने बताया कि नवजोत फाइलें क्लियर नहीं करता। मैंने उसे बुलाकर कहा था कि तुम फाइलें क्यों नहीं क्लियर करते। तो मुझे कहने लगा कि जी ये काम पड़ गया, वो काम पड़ गया।
- बिजली सप्लाई को लेकर सिद्धू रोज बयान देता था: इसके बाद मैंने कहा कि तुम पंजाब की बिजली सप्लाई को लेकर रोज बयान देते हो, मैं भी बिजली को लेकर काम कर रहा हूं। ऐसा करो कि तुम ही ये वाला प्रोफाइल देख लो और ठीक कर दो। वो बंदा इससे पहले ही रिजाइन दे गया।








