दिल्ली बम ब्लास्ट के बाद पंजाब पुलिस ने सूबे में रेड अलर्ट घोषित कर दिया है। इस घटना के बाद डीजीपी ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सतर्कता और नाकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
चंडीगढ़। देश की राजधानी दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद पंजाब में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रदेश के सभी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस कमिश्नरों/एसएसपी को सतर्क रहने को कहा गया है। संवेदनशील और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच तेज कर दी गई है। दिल्ली घटना के बाद डीजीपी ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सतर्कता और नाकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों में नाके लगाकर संदेह होने पर बाहरी राज्यों की गाड़ियों को खंगाला जाएगा।
खन्ना में हाईवे पर कड़ी सुरक्षा, रातभर नाके और चेकिंग
दिल्ली में ब्लास्ट के बाद पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। खन्ना में भी पुलिस ने देर रात नेशनल हाईवे पर विशेष नाके लगाकर वाहनों की गहन चेकिंग की। डीएसपी विनोद कुमार की अगुवाई में यह अभियान चलाया गया, जिसमें सिटी और हाईवे पुलिस की टीमों ने हिस्सा लिया। पुलिस ने रातभर चलने वाले इस विशेष नाके के दौरान शक्की वाहनों की तलाशी ली और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की।
डीएसपी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट के बाद हाईवे, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।








