best news portal development company in india

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े हथियार तस्करी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई :  5 आरोपी पकड़े, 6 पिस्तौल-हेरोइन बरामद; ड्रोन से करते थे सप्लाई

SHARE:

अमृतसर पंजाब में सीमा पार से चल रहे हथियार और नशा नेटवर्क पर अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खुफिया इनपुट पर ऑपरेशन चलाते हुए पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छह आधुनिक पिस्तौल पांच .30 बोर और एक ग्लॉक 9एमएम सहित 1 किलो 10 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है।

पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के इशारे पर काम कर रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। ये तस्कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ड्रोन के माध्यम से हथियारों और नशे की खेप पंजाब में गिराने की योजना बनाते थे।

कोरियर का काम करते थे आरोपी

पकड़े गए आरोपियों का काम इन खेपों को जमीन पर रिसीव करना और आगे पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करना था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह नेटवर्क अत्यंत संगठित है और सीमा पार से लगातार सक्रिय है। पुलिस ने थाना छेहर्टा और थाना कैंट में शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। इसके बाद अब पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क को निशाने पर लिया जा रहा है।

पुलिस की टीम पाकिस्तान में बैठे मास्टरमाइंड्स और पंजाब में उनके स्थानीय सहयोगियों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क संभवत कई जिलों में फैला है और आगे भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

पंजाब पुलिस बोली- “सीमा पार तस्करी रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता”

कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि राज्य में पाकिस्तान की ओर से बढ़ रही हथियार और नशा तस्करी बेहद चिंताजनक है, लेकिन पंजाब पुलिस इस तरह के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में ऐसे कई मामलों में बड़ी मात्रा में हेरोइन और हथियार बरामद हुए हैं, जो इस बात का संकेत है कि अंतरराष्ट्रीय तस्कर पंजाब को लगातार निशाना बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *