अयोध्या। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के 673 दिनों बाद PM मोदी राम मंदिर के शिखर पर आज ध्वजारोहण करेंगे। वह राम मंदिर पहुंच गए हैं। यहां मोहन भागवत के साथ पहली बार रामदरबार में पूजा की। फिर रामलला के दर्शन किए।
मोदी दोपहर साढ़े 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में ध्वजा फहराएंगे। उनके बटन दबाते ही 2 किलो की केसरिया ध्वजा 161 फीट ऊंचे शिखर पर फहरने लगेगी। इसके साथ ही राम मंदिर को पूर्ण माना जाएगा। संघ प्रमुख मोहन भागवत समेत करीब 7 हजार लोग मौजूद हैं।
शहर को 1000 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। मंदिर की 5 लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। ATS–NSG कमांडो ने पूरे परिसर को घेर रखा है। इसके अलावा SPG, CRPF और PAC के जवान भी तैनात हैं।
इससे पहले सुबह रामलला की आरती की गई। रामलला ने आज सोने और रेशम के धागों से बने पीतांबर वस्त्र धारण किए हैं। मंदिर पर लगने वाली धर्मध्वजा भयानक तूफान में भी सुरक्षित रहेगी और हवा बदलने पर बिना उलझे पलट जाएगी। इसके दंड पर 21 किलो सोना मढ़ा गया है। ध्वजा 4 किमी दूर से दिखाई देगी।







