चंडीगढ- चंडीगढ़ में पंजाब यूनिवर्सिटी के सीनेट चुनाव की तारीख का ऐलान फिलहाल नहीं हो सका है। इसी बीच किसानों के आंदोलन की पांचवीं वर्षगांठ पर हालात और गर्म होते दिख रहे हैं। 26 नवंबर बुधवार को ‘पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ बचाओ मोर्चा’ की ओर से यूनिवर्सिटी बंद रखने की कॉल दी गई है। किसान संगठनों की ओर से उसी दिन सेक्टर-43 के दशहरा ग्राउंड में बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शन में संयुक्त किसान मोर्चा के करीब 30 संगठनों के लगभग 10 हजार कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
इधर, पंजाब के करीब 200 कॉलेजों के छात्रों को भी चंडीगढ़ पहुंचने का आह्वान किया गया है। कई संगठनों ने यूनिवर्सिटी बंद और किसान प्रदर्शन के समर्थन की घोषणा कर दी है। हालात को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए है।

ट्राईसिटी में होगी ट्रैफिक की समस्या, 3000 जवान होंगे तैनात
हजारों किसानों और स्टूडेंट्स के आने के कारण ट्राईसिटी के मोहाली और चंडीगढ़ में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होगी। इसके अलावा कानून व्यवस्था बनाई रखना भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहेगा।
इस कारण चंडीगढ़ पुलिस की तरफ से भी बुधवार के प्रदर्शन से निपटने के लिए प्रबंध किए जा रहे हैं। चंडीगढ़ पुलिस के साथ मोहाली पुलिस के सहयोग से चंडीगढ़ में व्यवस्था बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। यहां पर करीबन 3000 पुलिस मुलाजिमों की तैनाती की जानी है।
हमने प्रबंध किए, जारी होगा ट्रैफिक अलर्ट- एसएसपी
एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि हमने सभी प्रबंध कर लिए हैं। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति के निपटने के साथ साथ ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने के लिए प्लान जारी किया जाएगा। शहर निवासियों से भी उनकी तरफ से सहयोग की मांग की गई है।
सीनेट की तारीख का ऐलान नहीं, इस लिए बंद होगी यूनिवर्सिटी
यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से 25 नवंबर तक का समय पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ बचाओ मोर्चा से समय लिया था। मोर्चा की तरफ से 26 नवंबर को यूनिवर्सिटी का पूर्ण तौर पर बंद करने का ऐलान किया हुआ है। इससे पहले भी यूनिवर्सिटी में बंद की कॉल दी जा चुकी है।
बुधवार को होने वाले इस प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी में एक बार फिर प्रदर्शन में प्रदेश भर से स्टूडेंट और अलग अलग संगठनों के सदस्य पहुंचेंगे और प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। बता दें कि वाइस चांसलर रेनू विज की तरफ से सीनेट चुनाव करवाने की लिए मंजूरी चांसलर व उपराष्ट्रपति से मंजूरी के लिए लिखा गया है, मगर इसके लिए मंजूरी नहीं मिल सकी है।
स्टूडेंट्स की तरफ से यूनिवर्सिटी में निकाली जा रही रैलियां
26 नवंबर के बंद की कॉल को सफल बनाने के लिए यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स की तरफ से लगातार रैलियां निकालने के साथ साथ अलग-अलग जगहों पर जाकर यूनिवर्सिटी के अंदर दुकानें चलाने वालों, विभागों में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को इस संबंधी बताया जा रहा है।

मोगा जिले के गांव की पंचायत ने डाला प्रस्ताव
मोगा के गांव पंजग्राईं खुर्द की पंचायत की तरफ से अभी सभा में प्रस्ताव डालकर इस प्रदर्शन का समर्थन किया है। गांव की महिला सरपंच बलजीत कौर समेत सभी पंचों के साइन कर जारी किए गए इस प्रस्ताव में चंडीगढ़ पर पंजाब का हक जताया गया है और पंचायत ने भी मोर्चा का समर्थन करते हुए लोगों से इसके लिए सहयोग करने की मांग की गई है।
शिक्षक संगठनों की तरफ से भी मोर्चा को समर्थन
पंजाब टीचर्स एसोसिएशन पंजाब एवं स्कूल टीचर्स फेडरेशन की तरफ से भी पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ बचाओ मोर्चा को समर्थन देते हुए ऐलान किया है कि पंजाब भर से शिक्षक भी यूनिवर्सिटी बंद की कॉल को कामयाब करने के लिए चंडीगढ़ पहुंचेंगे।








