best news portal development company in india

जालंधर-अमृतसर हाईवे पर लंबा पिंड चौक के पास हादसा : ट्रक की साइड लगने से कार डिवाइडर पर चढ़ी, पुलिस जांच में जुटी

SHARE:

जालंधर- जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर लंबा पिंड चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ट्रक की साइड लगने से एक कार अनियंत्रित होकर पहले ट्रक से टकराई और फिर बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि कार चालक बाल-बाल बच गया और किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। टक्कर के बाद कार चालक और ट्रक चालक के बीच मौके पर हंगामा हो गया, जिससे हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। राहगीरों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना राहगीरों द्वारा थाना रामामंडी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया।

जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब अमृतसर निवासी बलविंदर सिंह अपनी कार में सवार होकर खन्ना की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह लंबा पिंड चौक के पास पहुंचे, तभी उनके आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक साइड मार दी। ट्रक की साइड लगते ही कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद कार पूरी तरह से बेकाबू हो गई और डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के दौरान कार चालक ने किसी तरह खुद को संभाला और सुरक्षित बाहर निकल आया।

पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कार और ट्रक के बीच सड़क पर ही रुक गई, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लगने जैसी स्थिति बन गई। राहगीरों ने जब देखा कि वाहन डिवाइडर पर फंसा हुआ है और सड़क पर हंगामा हो रहा है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना रामामंडी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

लापरवाही के कारण हुआ हादसा

पुलिस ने सबसे पहले सड़क पर लगे जाम को खुलवाया और यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया। इसके बाद दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। दोनों चालकों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

हादसे में किसी के हताहत की खबर नहीं

गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कार को भारी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस चौक पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां यातायात व्यवस्था को और सख्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई