अमृतसर- पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध आज (5 जनवरी) श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश हुए। अमृतसर आए मंत्री पहले नंगे पांव जाकर सतनाम वाहेगुरु का जाप करते हुए हेरिटेज स्ट्रीट से चलते हुए श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचे। तस्वीर विवाद को लेकर पांच सिंह साहिबानों के सामने उन्होंने स्पष्टीकरण दिया।
तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब का आदेश उन्हें सिर-माथे स्वीकार है। उन्होंने बताया कि जत्थेदार ने कहा है कि विभाग में ऐसे अधिकारी की नियुक्ति की जाए, जिसे सिख सिद्धांतों की जानकारी हो और जो पंजाब की विरासत से भी भली-भांति परिचित हो।
सौंध ने इस पर यह भी कहा कि भविष्य में तस्वीरों से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए एक समझदार और विवेकशील अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
दरअसल, श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से सौंध, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारियों और चीफ खालसा दीवान के अध्यक्ष को तलब किया गया था। तीनों से श्री आनंदपुर साहिब में भाई जीवन सिंह (भाई जैता जी) की यादगार में लगाई गई तस्वीरों को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था। इन तस्वीरों पर सिख सिद्धांतों, मर्यादा और भावनाओं के खिलाफ पेशकश का आरोप था।

स्पष्टीकरण देने के बाद क्या बोले मंत्री सौंध…
- विभाग की ओर से सफाई दीः कैबिनेट मंत्री तरनप्रीत सिंह सौंद ने श्री अकाल तख्त साहिब में अपना स्पष्टीकरण दिया। तरनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि वे श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में एक विनम्र सिख के रूप में पेश हुए। उन्होंने अपनी ओर से और अपने विभाग की ओर से स्पष्टीकरण दिया है।
- विभाग में काबिल अधिकारी की नियुक्ति का आदेशः मंत्री ने बताया कि जत्थेदार ने कहा है कि विभाग में ऐसे अधिकारी की नियुक्ति की जाए, जिसे सिख सिद्धांतों की जानकारी हो और जो पंजाब की विरासत से भी भली-भांति परिचित हो।
- सीएम ने अपील करेंगे मंत्रीः सौंध ने कहा कि वे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से अपील करेंगे कि पंजाब सरकार के पर्यटन विभाग में ऐसा अधिकारी नियुक्त किया जाए, जिसे सिख सिद्धांतों का ज्ञान हो।
- विभाग में विवेकशील अधिकारी नियुक्त होंगेः स्पष्टीकरण देने के बाद यह भी कहा कि भविष्य में तस्वीरों से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए एक समझदार और विवेकशील अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
- जत्थेदार को कहा धन्यवादः उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने मेरा और मेरे विभाग का स्पष्टीकरण स्वीकार कर लिया है और इसके लिए उनका धन्यवाद। मंत्री ने बताया कि जब श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत शताब्दी मनाई गई थी, उस समय भी मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विशेष रूप से मर्यादा का ध्यान रखने के निर्देश दिए थे।
जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह ने किया था तलब
दरअसल, श्री आनंदपुर साहिब में भाई जीवन सिंह (भाई जैता जी) की यादगार में लगाई गई तस्वीरों में गलत पेशकश का आरोप लगा था। इसपर पांच सिंह साहिबानों ने बैठक कर तीनों लीडर्स को तलब किया। बैठक की अध्यक्षता श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने की।








