best news portal development company in india

पंजाब को कॉमेडी CM नहीं चाहिए: शाह का मान पर तंज, बोले- केजरीवाल के ATM हैं

SHARE:

मोगा में रैली को संबोधित करते गृहमंत्री अमित शाह।

मोगा-  गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा ने पंजाब में 2027 का चुनावी बिगुल फूंक दिया है। मोगा में बदलाव रैली में पहुंचे गृह मंत्री ने केसरी रंग की पगड़ी पहनी। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पगड़ी देश पर गुरुघर के कर्ज का प्रतीक है।

शाह ने यह भी कहा कि 2027 में भाजपा पंजाब में सरकार बनाएगी। शाह के इस बयान से स्पष्ट हो गया कि अकाली दल से गठबंधन के अभी कोई आसार नहीं हैं। शाह ने वादा किया कि BJP की सरकार बनी तो 2 साल में ही नशे को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे।

शाह ने ये भी कहा कि पंजाब में कॉमेडी करने वाला सीएम नहीं बल्कि काम करने वाला मुख्यमंत्री चाहिए। शाह ने पंजाब CM भगवंत मान को AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का ATM बताया। उन्होंने कहा कि अगर बंटवारे के वक्त भाजपा की सरकार होती तो करतारपुर साहिब पाकिस्तान में नहीं बल्कि भारत में होता।

रैली में गृहमंत्री अमित शाह का नारेबाजी के साथ स्वागत किया गया।
रैली में गृहमंत्री अमित शाह का नारेबाजी के साथ स्वागत किया गया।

गृहमंत्री के भाषण की बड़ी बातें…

  • गुरु तेग बहादुर न होते तो देश में कोई हिंदू न होता: गृहमंत्री ने कहा- जो मेरे सिर पर जो पगड़ी दिख रही है, वह पूरे भारत पर गुरु घर के कर्ज का प्रतीक है। अमर बलिदानी गुरु तेग बहादुर जी हिंद की चादर कहे गए। उन्होंने कश्मीरी पंडितों की रक्षा के लिए अपना जीवन कुर्बान किया। मैं कहना चाहता हूं कि अगर गुरु तेग बहादुर न होते तो देश में कोई हिंदू बचा न होता।
  • हम होते तो करतारपुर साहिब पंजाब में होता: शाह ने कहा- 1984 के सिख दंगों के खिलाफ हमारी सरकार ने 350 केस दर्ज किए। कांग्रेस ने एक भी नेता जेल में नहीं डाला। हमने डाला। हर सिख दंगा पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपए का मुआवजा हमारी सरकार ने दिया। अफगानिस्तान और पाकिस्तान से जो सिख बचकर आए, उन्हें नागरिकता हमने दी। करतापुर कोरिडोर हमने बनाया। जब बंटवारा हुआ, हम उस समय होते तो करतारपुर साहिब को जाने न देते।
  • AAP-कांग्रेस गुमराह कर रहे: शाह ने कहा- AAP सरकार और राहुल बाबा (राहुल गांधी) किसानों को गुमराह कर रहे हैं। केजरीवाल ने फोन किया कि जो अमेरिका से ट्रेड डील हुई है, उससे किसानों को नुकसान होगा। पंजाब के किसानों, इनकी बात न सुनना। ये झूठ बोलते हैं। डब्ल्यूटीओ में 2013 में एमएसपी न दिया जाए, ऐसा करार वे करके आए। भगवान भला करे देश की जनता का कि 2014 में इन्हें निकाल दिया। 2017 में इसकी कन्फर्मेशन करने की बारी आई तो मोदी ने इनकार कर दिया।
मोगा में रैली को संबोधित करते गृहमंत्री अमित शाह।
मोगा में रैली को संबोधित करते गृहमंत्री अमित शाह।
  • 2 साल में नशा जड़ से उखाड़ देंगे: शाह ने कहा- AAP में नशे का कारोबर खत्म करने की दमखम नहीं है। कांग्रेस और अकाली पहले भी थे। यह केवल BJP ही रोक सकती है। हमने कहा था कि धारा-370 हटा देंगे, हटा दिया। देश को नक्सल मुक्त कर दिया। आप फरवरी में हमें आशीर्वाद दे दीजिए, दो साल में हम मूल समेत नशे के कारोबार को उखाड़कर फेंक देंगे।
  • AAP सरकार वादा खिलाफी की सरकार: शाह ने कहा – AAP ने 25 लाख नौकरियों का वादा किया था, मिली है क्या? 4 महीने में नशा मुक्त पंजाब बन गया क्या? 16 हजार दवा खाने खोलने थे, खुले गए क्या? 16 मेडिकल कॉलेज बनाने थे, बन गए? सभी फसलों पर एमएसपी देने का वादा किया था। पूरा हुआ क्या? सिख दंगों में 5 लाख मुआवजा देने का वादा किया था। वह भी नहीं कर पाए। AAP सरकार वादा खिलाफी की सरकार है।
  • पंजाब में अगली सरकार BJP की: गृहमंत्री ने कहा- लोकसभा चुनाव 2024 में 19 फीसदी वोट हमें मिले हैं। जहां 19 फीसदी वोट मिलते है, वहां अगली सरकार बीजेपी की होती है। कई प्रदेशों में ऐसा हुआ है। अब पंजाब की बारी है। जब दिल्ली से आ रहा था तो पत्रकार ने पूछा कि सरकार बदलने जा रहे हो? मैंने कहा कि पंजाब में कोई सरकार ही नहीं है।
  • BJP को एक मौका देकर देखिए: शाह ने कहा- पंजाब को नशे से मुक्त करवाना है तो भाजपा की डबल इंजन की सरकार चाहिए। पंजाब पूरा कर्ज, ड्रग्स, धर्म परिवर्तन, भ्रष्टाचार व गैंगस्टर के आतंक से तबाह हो गया। उद्योग पंजाब छोड़कर जा रहे हैं। किसान की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अगर युवाओं की बेरोजगारी हटानी है तो एक मौका BJP को देकर देखिए।
  • हंसाने वाला नहीं, अच्छे से शासन करने वाला सीएम चाहिए: शाह ने कहा- पंजाब को हंसाने वाला नहीं, पंजाब को अच्छे से शासन करने वाला मुख्यमंत्री चाहिए। पंजाब के सामने कानून और व्यवस्था की समस्या, नशे की समस्या, धर्म परिवर्तन की समस्या, भ्रष्टाचार की समस्या है। आप मुझे बताओ कि मौजूदा सीएम इस समस्या का हल कर सकते हैं क्या? इस समस्या का एक ही हल है, 2027 में मोदी जी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएं।

सोशल मीडिया पर लिखा- AAP ने पंजाब ड्रग्स में डुबोया

वहीं, रैली में आने से पहले शाह ने ट्वीट कर कहा- पंजाब का हर व्यक्ति बदलाव चाहता है। क्योंकि जवानों, किसानों और मेहनतकश लोगों के लिए प्रसिद्ध पंजाब की पवित्र भूमि को आप-दा सरकार ने करप्शन, ड्रग्स और अपराध में डुबो दिया है। रिमोट कंट्रोल वाली आप-दा सरकार में पंजाब से लॉ एंड ऑर्डर और विकास नदारद हैं। आज मोगा में पंजाब के बहनों-भाइयों से संवाद के लिए उत्सुक हूं।

वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार में मंत्री अमन अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई सवाल किए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 1600 करोड़ रुपए मुआवजा देने का वादा किया है। गृहमंत्री बताएं कि क्या वह चेक लेकर आए हैं?

इसी बीच चर्चा चली कि मशहूर पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख भाजपा जॉइन कर सकते हैं। औलख हरियाणा के रहने वाले हैं। हालांकि, औलख ने BJP में शामिल होने से इनकार कर दिया। उन्होंने रैली में परफॉर्म किया। सिंगर ने कहा कि वह सभी पार्टियों में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *