जालंधर- जालंधर में इन दिनों स्नेचर चोरी के दिन-दहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक (नकोदर रोड) के पास स्थित अजीत नगर का है, जहां एक मोबाइल स्नेचर को स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए काबू कर लिया।
घटना के संबंध में पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि वह अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक के पास पहुंचा, घात लगाकर बैठे एक स्नेचर ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और भागने लगा। पीड़ित ने तुरंत शोर मचाया और अपनी बाइक पर चोर का पीछा करना शुरू किया।
चोर ने खुद को घिरता देख पीड़ित को धक्का देकर गिराने की कोशिश की, लेकिन तभी पास में कूड़ा उठाने वाले एक व्यक्ति ने हिम्मत दिखाई और चोर को दबोच लिया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने चोर के पास से छीना हुआ फोन बरामद कर लिया।

पुलिस और जनता के बीच बहस
घटना की सूचना मिलते ही एएसआई कुलविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन जब एक पूर्व पुलिसकर्मी ने उनसे बात करने की कोशिश की, तो एएसआई ने उन्हें सीधे थाने आने को कह दिया।
पुलिस के इस अड़ियल व्यवहार को देख स्थानीय लोग भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि पुलिस शिकायतों पर कार्रवाई करने के बजाय जनता को ही परेशान करती है।
पुलिस के सामने ही जड़ दिया थप्पड़
वहीं इलाके के प्रधान अमरजीत सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। बातचीत के दौरान माहौल इतना गरमा गया कि चोर खुद पुलिस के सामने थप्पड़ मारने की चुनौती देने लगा। इस पर गुस्से में आए प्रधान ने पुलिस की मौजूदगी में ही चोर को थप्पड़ जड़ दिया।
प्रधान अमरजीत सिंह ने आरोप लगाया कि थाना 4 में पहले भी कई बार चोरियों की शिकायतें दी गई हैं, लेकिन पुलिस ने न तो कोई एफआईआर दर्ज की और न ही कोई सख्त कार्रवाई की। इसी लापरवाही के कारण चोरों के मन से कानून का डर खत्म हो चुका है।
काफी देर चले हंगामे के बाद जब लोगों ने मांग की कि चोर को तुरंत हवालात में बंद किया जाए, तब जाकर पुलिस नरम पड़ी। एएसआई ने लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस चोर को हिरासत में लेकर थाने आई
पुलिस ने चोर की बाइक को जब्त कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई है। फिलहाल, इलाके के लोगों में अभी भी गहरा रोष है। उनका कहना है कि अगर इलाके में गश्त नहीं बढ़ाई गई और चोरों पर नकेल नहीं कसी गई, तो वे आने वाले दिनों में और भी कड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे।








