best news portal development company in india

वायरल कॉल रिकॉर्डिंग पर AAP मंत्री की सफाई:मैंने कोई ट्रॉली नहीं खरीदी;  फैक्ट्री मालिक के बच्चों ने खोली पोल

SHARE:

फैक्ट्री मालिकों के बच्चे वीडियो में बात करते हुए। इनसेट में मंत्री हरदीप मुंडियां की फोटो।

जालंधर–  पंजाब सरकार के मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल के साथ अपनी कथित कॉल रिकॉर्डिंग शेयर करने वाले मुकेरियां के कारोबारी मलकीत सिंह की अब बेटियां भी सामने आई हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर बताया कि मंत्री और विधायक के साथ विवाद के चलते उनकी स्कूल जाना बंद हो गया है।

बच्चियों ने पंजाब CM भगवंत मान से अपील करते हुए वीडियो में कहा- हमारा क्या कसूर है, जो हम स्कूल नहीं जा पा रहे? परिवार स्कूल नहीं भेज रहा, जिससे पढ़ाई छूट गई है। परिवार कहता है कि स्कूल नहीं जाना। कोई किडनैप कर लेगा।

बच्चियों ने CM मान से कहा कि उन्हें उनके ही गांव में पैदा हुआ आपका मंत्री धमका रहा है। अगर हमें कुछ हो जाता है तो इसके जिम्मेदार आपके मंत्री और विधायक ही होंगे।

कारोबारी के आरोपों पर मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने भी सफाई दी है। उन्होंने कहा- कारोबारी अपने बच्चों की सौगंध खाकर कहे कि मैंने इससे ट्रॉली ली थी। इसका सारा गांव इसके खिलाफ है। मेरे पास इनका कोई पैसा बकाया नहीं है। मुझ पर लगाए सारे इल्जाम झूठे हैं।

बता दें कि शुक्रवार (10 अप्रैल) को कारोबारी ने एक कॉल रिकॉर्डिंग जारी कर मंत्री और विधायक पर इल्जाम लगाया था कि मंत्री ने उनसे एक ट्रॉली खरीदी, लेकिन उसके 6 लाख रुपए नहीं दिए। वह पेमेंट मांगने गया तो मंत्री ने कहा कि इतना तो मेरा कमीशन है। मंत्री ने उसकी फैक्ट्री में हिस्सा मांगा।

उधर, मुकेरियां के हयातपुर में ट्रॉली बनाने की फैक्ट्री में कांग्रेस के वरिष्ठि नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी पहुंचे। बाजवा ने दोनों कारोबारी भाइयों से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि पार्टी उनके साथ है।

बाजवा ने कहा कि आज हालात इस कदर खराब हो चुके हैं कि मंत्री ट्रॉलियां मांग रहे हैं। मैं इस मुद्दे को उठाउंगा और दोनों विधायकों और मंत्री के इस्तीफे की मांग करूंगा।

  • पता नहीं मंत्री हमारी तरक्की से क्यों जलते हैं: वीडियो में बच्चियां बोल रही हैं- जैसा कि आप सबको पता ही होगा और आपने वीडियो भी देखी होगी कि पिछले एक-दो साल से हम बहुत ज्यादा परेशानियों से जूझ रहे हैं। कभी कोई गैंगस्टर आता है, कभी कोई धमकी देता है, तो कभी कोई गोली चला जाता है। आजकल हमारे साथ एक बड़ी समस्या चल रही है। इस समस्या की मुख्य वजह हरदीप सिंह मुंडियां हैं, जो हमारे ही गांव (जद्दी पिंड हयातपुर) के रहने वाले हैं और फिलहाल लुधियाना से विधायक हैं। पता नहीं उन्हें हमसे क्या समस्या है। शायद वह हमारी तरक्की देखकर जलते हैं या उन्हें कोई और दिक्कत है।
  • पापा ही नहीं पूरा परिवार डिप्रेशन में: बच्चियों ने कहा- हम चाहते हैं कि यह वीडियो किसी भी तरह मुख्यमंत्री भगवंत मान तक पहुंचे। मान जी, आप अभी मुख्यमंत्री हैं, आपकी निगरानी में हमारे साथ क्या हो रहा है? ये मंत्री किसी डीएसपी को फोन कर हमारे पापा को टॉर्चर करवाते हैं। सिर्फ पापा ही नहीं, उनकी वजह से हमारे पूरे परिवार को मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
  • हमारी पढ़ाई का बहुत नुकसान हो रहा: लड़कियों ने कहा- हमारी पढ़ाई का बहुत नुकसान हो रहा है। हाल ही में मेरे पापा को गोली मारने की कोशिश की गई। शुक्र है कि उन्हें लगी नहीं। गांव के सरपंच और अन्य लोग भी इस सच को दबा रहे हैं। जब हमने पुलिस में शिकायत की और FIR करानी चाही, तो वे पर्चा दर्ज करने के बजाय समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। क्यों? सिर्फ हरदीप सिंह मुंडियां की वजह से। अगर वे अपने गांव में अपनी जिंदगी जी रहे हैं, तो उन्हें हमसे क्या दिक्कत है?
  • हम स्कूल जाना चाहते हैं, लेकिन नहीं जा पा रहे: लड़कियां बोलीं- हमारी सुरक्षा के कारण हमें स्कूल से छुट्टियां लेनी पड़ती हैं। हम स्कूल जाना चाहते हैं, लेकिन अपनी सेफ्टी के लिए हमें घर पर ही रहना पड़ता है। अगर हमें किडनैप करने की कोशिश की जाती है या हमारे साथ कुछ भी बुरा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी हरदीप सिंह मुंडियां, जोरावर सिंह मुंडियां और हमारे गांव के उन पंचायत सदस्यों की होगी जो हमें टॉर्चर कर रहे हैं और धमकियां दे रहे हैं।
  • क्या मंत्री को गालियां देना शोभा देता है: बच्चियों ने कहा- आज भी हमें स्कूल जाना था, लेकिन इन्हीं वजहों से हम घर पर हैं। मैं पूछना चाहती हूं कि क्या एक मंत्री को अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शोभा देता है? क्या आने वाली पीढ़ी के लिए यही उदाहरण पेश किया जा रहा है? यह सिर्फ हमारे बारे में नहीं है, यह भविष्य के बारे में है।
  • किसी को कुछ होता है तो सरपंच और मंत्री जिम्मेदार: लड़कियों ने कहा- अगर हमारे परिवार के किसी भी सदस्य को कुछ होता है, तो उसके जिम्मेदार हरदीप सिंह मुंडियां और सरपंच होंगे। आप सभी से विनती है कि इस वीडियो को भगवंत मान तक पहुंचाएं और हमारा साथ दें। हमारे परिवार को सपोर्ट करें।

क्या है मामला

होशियारपुर की जैलदार इनोवेशन नाम की फर्म के मालिक मलकीत सिंह ने शुक्रवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के रेवेन्यू मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मंत्री ने उनसे ट्रॉली खरीद ली लेकिन, उसके रुपए नहीं चुकाए। मंत्री पर 6 लाख रुपए बकाया है।

कारोबोरी का आरोप है कि वह पेमेंट मांगने गया तो मंत्री ने कहा कि इतना तो उनका कमीशन है। मंत्री ने उसकी फैक्ट्री में हिस्सा मांगा। इनकार किया तो झूठी शिकायतें कराईं, गैंगस्टर पीछे लगा दिए। इससे कारोबोरी की फैक्ट्री बंद हो गई। कारोबारी ने केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्‌टू और भाजपा MLA जंगीलाल महाजन के साथ चंडीगढ़ में कॉन्फ्रेंस के दौरान ये बातें कहीं।

मामला तब उजागर हुआ, जब एक कॉन्फ्रेंस कॉल रिकॉर्डिंग सामने आई। इसके बाद मलकीत ने दावा किया कि इसमें उसकी बात मंत्री हरदीप मुंडियां से ही हो रही हैं। इसके अलावा इसमें अजनाला से AAP विधायक कुलदीप धालीवाल की भी आवाज है। इसके बाद मामले ने राजनीतिक तूल भी ले लिया। नेताओं के आरोपों के बाद मंत्री ने भी सफाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई