जालंधर- जालंधर के माई हीरा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के लॉकर से सोने के गहने गायब होने का मामला सामने आया है। सत नगर निवासी जतिंदर चड्डा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके लॉकर नंबर 336 से 7 तोले सोने के गहने गायब हो गए हैं। इन गहनों की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
जतिंदर चड्डा के अनुसार, उन्होंने ये गहने 2007 में बैंक के लॉकर में सुरक्षा के लिए रखे थे। उनकी मां ने साल 2000 में उनकी पत्नी को ये गहने दिए थे, और मां का निधन 2005 में हो गया था। चड्डा ने बताया कि 13 अप्रैल को जब उन्होंने लॉकर चेक किया था, तब गहने मौजूद थे।
पीड़ित ने लिखित शिकायत दर्ज कराई
हालांकि, जब वह हाल ही में कुछ अन्य गहने रखने के लिए लॉकर में गए, तो उन्होंने पाया कि उनके 6 से 7 तोले सोने के गहने गायब थे। चड्डा ने बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने बैंक मैनेजर से संपर्क किया, जिन्होंने उन्हें लिखित शिकायत दर्ज कराने को कहा।
पीड़ित का आरोप है कि बैंक प्रबंधन गहनों के गायब होने की जिम्मेदारी नहीं ले रहा है और बैंक कर्मचारियों का कहना है कि इसके लिए ग्राहक जिम्मेदार है। जतिंदर चड्डा ने तर्क दिया कि लॉकर की एक चाबी बैंक के पास और दूसरी ग्राहक के पास होती है, ऐसे में बैंक को अपनी जिम्मेदारी से बचना नहीं चाहिए, खासकर जब वे लॉकर के लिए शुल्क लेते हैं।
बैंक मैनेजर ने सीसीटीवी फुटेज के संबंध में बताया कि लॉकर क्षेत्र में कोई कैमरा नहीं लगा है। उन्होंने पीड़ित को आश्वासन दिया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जाएगी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बैंक मैनेजर से घटना के संबंध में बात की है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







