जालंधर- जालंधर में श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित होने वाले बालाजी की चौकी कार्यक्रम को लेकर भारी विवाद हो गया। बुधवार शाम को पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इसकी तैयारियां रुकवा दीं। लोगों के डेकोरेशन, टेंट और लाइट का काम करने से रोका। इसमें प्रसिद्ध गायक कन्हैया मित्तल आने वाले हैं।
इसकी जानकारी मिलने के बाद मौके पर भाजपा नेता शीतल अंगुराल और मंदिर कमेटी के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सरकार और पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान शीतल अंगुराल ने आरोप लगाया कि अपने चहेते नेताओं को खुश करने के लिए यह कार्यक्रम रोका जा रहा है।
साथ ही उन्होंने कहा कि हिंदुओं के कार्यक्रम को रोका जा रहा है। यदि हिंदू इस अन्याय के खिलाफ भी नहीं बोले तो वे हिंदू कहलाने लायक नहीं। मंदिर कमेटी ने भी ऐलान किया कि यदि ग्राउंड में कार्यक्रम की परमिशन नहीं मिली तो सड़क पर ही कीर्तन किया जाएगा। इस बारे में अभी पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
रात में डेकोरेशन का काम रुकवाया
13 मई की रात को पुलिस ग्राउंड में पहुंची और डेकोरेशन का काम रुकवा दिया। दो थानों से पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम न करने की चेतावनी दी। इसकी जानकारी जब भाजपा नेता शीतल अंगुराल और मंदिर कमेटी को हुई तो उन्होंने सरकार और पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
शीतल अंगुराल का सरकार पर तीखा हमला
भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कष्ट निवारण बालाजी मंदिर से लाखों लोगों की आस्था जुड़ी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कमेटी के पास फायर ब्रिगेड, बिजली विभाग और नगर निगम की तमाम परमिशन मौजूद हैं, तो पुलिस किसके दबाव में काम रोक रही है?
अंगुराल ने कहा की यह सरकार पुलिस का तमाशा बना रही है। अपने चहेते नेताओं को खुश करने के लिए हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
अंगुराल बोले- हिंदू वही जो आज बोले
शीतल अंगुराल ने भावुक होते हुए कहा कि आज जो हिंदू इस अन्याय के खिलाफ नहीं बोलेगा, वह हिंदू कहलाने लायक नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी किसी से निजी दुश्मनी नहीं है, लेकिन धर्म के मामले में वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने ऐलान किया कि चाहे कुछ भी हो जाए, कन्हैया मित्तल कल प्रभु का गुणगान करेंगे। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर इस कार्यक्रम के लिए उन्हें अपनी जान भी देनी पड़ी, तो वह पीछे नहीं हटेंगे।
कमेटी सदस्यों ने कहा- सड़क पर करेंगे भजन
इस विवाद में श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर कमेटी (शेखां बाजार) के सदस्यों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे गुरुवार सुबह साढ़े 9 बजे बड़ी संख्या में ग्राउंड पहुंचे। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने ग्राउंड के अंदर कार्यक्रम नहीं करने दिया, तो वे सड़क पर बैठकर बालाजी का गुणगान करेंगे।
उन्होंने कहा कि हमें सिर्फ भजन करना है, अगर अंदर जगह नहीं मिली तो बाहर सड़क पर ही सही, पर कार्यक्रम होकर रहेगा। यह हंगामा काफी समय तक चलता रहा। इसके बाद रातभर डेकोरेशन का काम बंद ही रहा।
हालांकि, सुबह दोबारा काम शुरू हो गया है। भजन गायक कन्हैया मित्तल के बड़े-बड़े बैनर लगाए गए हैं और समिति के सदस्य डेकोरेशन का काम भी पूरा कर रहे हैं। पुलिस का कोई अधिकारी या कर्मचारी भी साईं दास स्कूल ग्राउंड में मौजूद नहीं है। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि कार्यक्रम शाम साढ़े 6 बजे अपने तय समय पर ही होगा।







