जालंधर- पंजाब के जालंधर में शुक्रवार रात अस्पताल जा रहे दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि, दूसरे को गंभीर हालत में भर्ती किया गया था। आज (शनिवार) दोपहर उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, वारदात के पीछे 11 जून को हुई कहासुनी कारण रही। उस दिन 2 गुटों में मारपीट हुई थी। मारपीट के दौरान एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। जब अगले दिन वह पट्टी कराने अस्पताल जा रहा था, तभी दूसरे पक्ष ने घेरकर गोलियों से भून दिया।
मौके पर पहुंचे भार्गव कैंप के SHO ने बताया कि 5 से 7 हमलावरों ने अटैक किया। कुछ हमलावरों की पहचान हो गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


जानिए क्या है पूरा मामला…
- हमलावरों ने अस्पताल जाते समय घेरा: चश्मदीद राजवीर ने बताया- पूरा विवाद गुरुवार को शुरू हुआ। 11 जून को मैं और सिमरनजीत (24) भटूरे खाने गए थे। वहां गुल्लू और उसकी गैंग ने अटैक कर सिमरनजीत को जख्मी कर दिया था। पुलिस में शिकायत कर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया था। सिमरनजीत सिंह पेशे से बिजली का काम करता है।
- अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं: अगले दिन राजवीर और सिमरनजीत इलाज के लिए जा रहे थे। वह पहले अपने दोस्त सौरभ को लेने उसके घर गए। वहां से सौरभ को भी अपने साथ लिया। इसी दौरान गुल्लू और उसके साथी पहले से घात लगाकर खड़े थे। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपियों ने अस्पताल जा रहे युवकों को रास्ते में ही रोक लिया। देखते ही देखते अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
- सिमरनजीत की मौके पर ही मौत: गोली सबसे पहले सिमरनजीत सिंह को लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सौरभ को भी गोली लगी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
- अस्पताल में सिमरनजीत को मृत घोषित कर दिया: दोनों को सिविल अस्पताल लाया गया था। यहां डॉक्टरों ने सिमरनजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सौरभ (23) को अस्पताल में भर्ती कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
- 4 साल पहले सिमरनजीत की शादी हुई: सिमरनजीत की मौत के बाद उसकी पत्नी ईशा टूट गई। उसका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में सिमरनजीत ही कमाने वाला था। सिमरनजीत का एक बेटा भी है, जिसकी उम्र डेढ़ साल है। चार साल पहले ही दोनों की शादी हुई थी।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भार्गव कैंप थाने के एसएचओ राजइंदर सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। उनका कहना था कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








