लुधियाना- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का टारगेट अब पंजाब में भाजपा सरकार बनाना है। अमित शाह मोगा रैली में अपना लक्ष्य भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को समझा चुके हैं। मोदी-शाह के टारगेट को साधने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद करने लुधियाना पहुंचे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आज लुधियाना संगठन की रीढ़ माने जाने वाले कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं के साथ पंजाब फतह करने पर चर्चा करेंगे। इस सेशन में मंडल के पदाधिकारियों से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक सभी शामिल रहेंगे। इसके अलावा जो नेता चुनाव लड़ चुके हैं उन्हें भी इस संवाद में शामिल किया जा रहा है।
जालंधर बाईपास पर करेंगे स्वागत
लुधियाना पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि पंजाब गुरुओं पीरों की धरती है। मैं इस धरती को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में अपनी सरकार बनाएगी और पंजाब को विकास के मार्ग पर आगे ले जाएंगी।

- नए दफ्तर का करेंगे उद्घाटन: नितिन नबीन जालंधर बाईपास से एलिवेटिड रोड होते हुए जगराओं पुल होते हुए दुगरी स्थित भाजपा के दफ्तर में पहुंचेंगे। शाम करीब 5:00 बजे नितिन नबीन भाजपा दफ्तर की नई बिल्डिंग पंडित दीन दयाल उपाध्याय भवन का उद्घाटन करेंगे और इसे कार्यकर्ताओं को समर्पित करेंगे।
- शाम 5:10 बजे कार्यकर्ताओं से महा-संवाद: ‘दफ्तर के उद्घाटन के तुरंत बाद, शाम करीब 5:10 बजे भाजपा कार्यालय के सामने एक विशाल संवाद कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस बैठक में नितिन नबीन पंजाब भाजपा के संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा करेंगे। इस महा-संवाद में निचले स्तर (मंडल के पदाधिकारियों) से लेकर जिला और प्रदेश स्तर के सभी आला नेता व कार्यकारिणी सदस्य शामिल होंगे। नितिन नबीन कार्यकर्ताओं को गुटबाजी से दूर रहकर केंद्र सरकार की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने और 2027 के चुनाव के लिए अभी से मैदान में डटने का गुरुमंत्र देंगे।
- उद्यमियों के साथ ‘बिजनेस मीट’: कार्यकर्ताओं के साथ बैठक खत्म करने के बाद नितिन नबीन का रुख पंजाब के सबसे बड़े औद्योगिक हब (लुधियाना) के कारोबारियों की तरफ होगा। वे स्थानीय होटल ‘रिजेंटा क्लासिक’ में पंजाब भर के बड़े उद्यमियों और उद्योगपतियों के साथ रात आठ बजे एक विशेष बैठक करेंगे।पंजाब के उद्योग जगत को आ रही मौजूदा दिक्कतों और मंदी के कारणों को विस्तार से जानेंगे। पंजाब की इंडस्ट्री को प्रमोट करने के लिए कारोबारी भारत सरकार से किस तरह के विशेष पैकेज, टैक्स छूट या सुविधाएं चाहते हैं, इस पर चर्चा होगी। इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा के घोषणापत्र के लिए उद्यमियों से विशेष सुझाव और आर्थिक नीतियां तय करने पर सलाह ली जाएगी।
अर्थशास्त्री डॉ. जौहल और यूथ आइकॉन से मुलाकात, फिर कोर कमेटी की बैठक
नितिन नबीन 22 जून को देश के प्रसिद्ध कृषि अर्थशास्त्री और सेंट्रल यूनिवर्सिटी के पूर्व चांसलर डॉ. सरदारा सिंह जौहल से उनके निवास पर मुलाकात करेंगे। इस दौरान पंजाब के कृषि संकट, किसानों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर गंभीर चर्चा होगी। इसके बाद वे पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों (खेल, कला, स्टार्टअप) से जुड़े यूथ आइकॉन और युवा चेहरों से मिलेंगे, ताकि युवाओं की सोच को समझा जा सके।
भाजपा कार्यकारिणी और कोर कमेटी बैठक
दोपहर में नितिन नबीन पंजाब भाजपा कार्यकारिणी की विशेष बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके तुरंत बाद भाजपा की कोर कमेटी की हाई-लेवल मीटिंग होगी, जिसमें पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की अंतिम व्यूह रचना और रणनीति पर मुहर लगाई जाएगी।
प्रतिष्ठित लोगों से मिलकर जानेंगे पंजाब की नब्ज: रजनीश धीमान
इस पूरे दौरे को लेकर भाजपा के लुधियाना जिला प्रधान रजनीश धीमान ने बताया कि राष्ट्रीय प्रभारी नितिन नबीन का यह दौरा पंजाब भाजपा के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। वे लुधियाना में रहकर पंजाब भर के अलग-अलग सामाजिक, आर्थिक और बौद्धिक वर्ग के प्रतिष्ठित लोगों से वन-टू-वन बात करेंगे। हमारा मुख्य उद्देश्य पंजाब की नब्ज को पहचानना और मोदी-शाह के नेतृत्व में 2027 में यहां पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का रास्ता साफ करना है।







