best news portal development company in india

जालंधर में झमाझम बारिश ने बदला मौसम: तेज हवाओं से मिली गर्मी से राहत, कई इलाकों में जलभराव

SHARE:

जालंधर –  जालंधर में शनिवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदलने से हुई तेज बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी है। हालांकि, इस बारिश ने इकहरी पुल समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर जलभराव कर नगर निगम और स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खोल दी।

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 से 15 सितंबर के दौरान पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर सहित कई जिलों और हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली में भारी बारिश तथा बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। जालंधर शहर में दोपहर को अचानक आसमान में काले बादल घिर आए और तेज धूलभरी हवाएं चलने लगीं।

इसके तुरंत बाद शुरू हुई तेज बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। बीते कई दिनों से जारी चिपचिपाहट और उमस भरी गर्मी से परेशान शहरवासियों ने बारिश का आनंद लिया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

जलभराव से स्मार्ट सिटी की खुली पोल

बारिश से जहां मौसम सुहावना हुआ, वहीं दूसरी तरफ जल निकासी की लचर व्यवस्था ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं। इकहरी पुल के पास और निचले इलाकों में पानी जमा हो गया। सड़कों पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे कई वाहन पानी के बीच ही बंद हो गए।

13 से 15 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है। विभाग ने 13, 14 और 15 सितंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जहां मूसलाधार बारिश की संभावना है।

पंजाब के इन जिलों में भी होगी बरसात

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अमृतसर, नवांशहर, मोहाली, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

प्रशासन ने दी सावधानी बरतने की सलाह

मौसम के बदलते रुख और चेतावनी को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। तेज बारिश और बिजली कड़कने के समय खुले मैदानों, जलजमाव वाले क्षेत्रों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई