संगरूर- पंजाब में स्पेशल कैडर टीचर्स फ्रंट के सदस्यों ने आज मुख्यमंत्री भगवंत मान के घर के बाहर धरना दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी शिक्षकों और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे स्पेशल कैडर टीचर्स फ्रंट के सदस्यों को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान शिक्षकों की संख्या करीब 250 थी जबकि पुलिसकर्मियों की संख्या 500 तक पहुंच गई थी।
शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि सरकार अपने वादे पूरे करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी विपक्ष में थी, तब उसके नेता उनके धरनों में आकर भरोसा दिलाते थे कि सरकार बनने पर उनकी जायज मांगें पहले साल में ही पूरी कर दी जाएंगी।
शिक्षकों ने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार पिछली सरकारों से भी ज्यादा सख्ती कर रही है। जब भी वे नेताओं से मिलने आते हैं, तो पुलिस उन पर हमला करती है और उन्हें पीछे धकेल देती है।
अपने वादों से भाग रही सरकार
उन्होंने सवाल उठाया कि आम आदमी पार्टी, जो खुद को आम लोगों की सरकार कहती थी, अब आम लोगों के सवालों से क्यों बच रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कहती थी कि लोग सवाल करें, लेकिन अब जब वे सवाल कर रहे हैं तो सरकार उनसे भाग रही है।
लंबे समय से मांगों को लेकर चल रहा संघर्ष
स्पेशल कैडर टीचर्स फ्रंट लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है। उनकी मुख्य मांगों में समान काम के लिए समान वेतन, रेगुलर टीचर्स की सभी सुविधाएं देना और पे स्केल लागू करना शामिल है।








