जालंधर। पंजाब में सरकार की लैंड पूलिंग नीति के खिलाफ किसानों ने विरोध शुरू कर दिया है। आज 11 अगस्त को जालंधर में किसानों द्वारा बाइक रैली निकाली जाएगी। यह रैली भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के अध्यक्ष मंजीत एस राय और किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव सरवन एस. पंधेर ने प्रेस वार्ता में घोषित की थी।
किसानों ने पूरे पंजाब में बाइक रैलियों का आयोजन करने का ऐलान किया है और 20 अगस्त को जालंधर छावनी के कुक्कड़ गांव में एक बड़ी रैली भी होगी।
सरकार ने कुक्कड़ गांव और आसपास के 1,000 एकड़ भूमि को अधिग्रहित कर अर्बन एस्टेट फेज-3 परियोजना शुरू करने का प्रस्ताव रखा है, जिसका किसानों ने विरोध जताया है। किसानों का कहना है कि यदि सरकार उनकी मांगें नहीं मानेगी और नीति वापस नहीं लेगी, तो वे और सख्त आंदोलन करेंगे।
क्या है पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति
पंजाब में पिछले कुछ दिनों से चर्चा का विषय बनी लैंड पूलिंग नीति के तहत सरकार किसानों की हजारों एकड़ जमीन अधिग्रहण करने की तैयारी करने में हैं। परियोजना पूरी होने के बाद उस भूमि का एक हिस्सा विकसित करके किसानों को दिया जाना है। जबकि बाकी जमीन सरकार या विकास प्राधिकरण द्वारा बेची या उपयोग की जाती है। इसे लेकर विपक्ष काफी नाराज है और प्रदर्शन कर रहा है।








