best news portal development company in india

कैबिनेट की अहम बैठक में फैसला : पंजाब में जिसका खेत उसकी रेत पॉलिसी लागू: फसल बर्बादी पर प्रति एकड़ 20 हजार का मुआवजा

SHARE:

पंजाब में बाढ़ के संकट के बीच कैबिनेट की अहम बैठक हुई। बैठक में बाढ़ प्रभावितों के लिए बड़े फैसले लिए गए हैं। सीएम भगवंत मान अभी अस्पताल में भर्ती हैं। वे अस्पताल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट मीटिंग में शामिल हुए।

चंडीगढ़। पंजाब में जिसका खेत उसकी रेत पॉलिसी लागू कर दी गई है। कैबिनेट की बैठक में इस पर मुहर लगी। बैठक के बाद सीएम भगवंत मान ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी।ड्रिप लगी होने के बावजूद सीएम भगवंत मान ने कैबिनेट की बैठक ली।

इस पाॅलिसी के अंतर्गत जिसके खेत में मिट्टी है, उसको वह किसान बेच सकता है। बाढ़ के बाद दरियाओं की गाद किसानों के खेतों में इकट्ठा हो गई है। पंजाब के किसानों को प्रति एकड़ फसल बर्बादी पर 20 हजार रुपये का मुआवजा सरकार देगी। सरकार का दावा है कि ये अब तक का देश में सबसे ज्यादा मुआवजा है।

मरने वालों के परिवारों को चार लाख का मुआवजा

जिन लोगों की मौत बाढ़ के दौरान हुई है, उनके परिवारों को चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। जिन लोगों के घर बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें वित्तीय सहायता मिलेगी।

कोऑपरेटिव बैंकों से कर्ज पर छह माह तक कोई किश्त नहीं

सीएम ने बताया कि जिन किसानों ने पंजाब कोऑपरेटिव बैंकों से कर्ज लिया हुआ है। उन्हें छह महीने तक कोई किश्त नहीं देनी होगी। इस दौरान कोई ब्याज भी नहीं लगेगा। बाढ़ का पानी उतरने के बाद टीकाकरण अभियान शुरू होगा। लोगों की स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल शिविर लगाए जाएंगे। प्रदेश में पानी उतरने के बाद बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलेगा।

स्कूल, काॅलेजों की इमारतों का होगा सर्वे

बाढ़ के पानी से स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी भवनों का बहुत नुकसान हुआ है। उनका सर्वे करवाकर उनकी मरम्मत करवाई जाएगी। सीएम ने कहा कि पंजाब सरकार इस संकट के मौके पर सभी पंजाबियों के साथ खड़ी है।

ब्यास की चाैड़ाई कम होने से हुआ नुकसान

सीएम ने कहा कि ब्यास नदी पहले काफी चौड़ी हुआ करती थी लेकिन अब उसकी चौड़ाई काफी कम हो गई है। इसलिए भी इस नदी ने आसपास के कई इलाकों में बहुत तबाही मचाई।

अस्पताल में भर्ती हैं सीएम मान

सीएम भगवंत मान अभी अस्पताल में भर्ती हैं। वे अस्पताल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट मीटिंग में शामिल हुए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल में रहकर भी उन्हें बस पंजाब और पंजाबियों की चिंता ही सताई जा रही है।

सीएम ने कहा कि जिन लोगों के पशुधन का नुकसान हुआ है, बाढ़ के बाद उनका भी सर्वे करवा कर उनके लिए भी मुआवजे का एलान किया जाएगा। पंजाब सरकार के सभी अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि वे पूरी तरह फील्ड में सक्रिय रहें और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *