लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में बीती रात कांग्रेस के सीनियर नेता और आत्म नगर सीट से पूर्व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस की कार पर फायरिंग कर दी गई। यह घटना थाना डेहलों के इलाके में उस समय हुई, जब बैंस अपने फॉर्म हाउस से गाड़ी लेकर बाहर निकल रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक, बैंस का अपने बड़े भाई परमजीत सिंह बैंस के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते परमजीत के बेटे जगजोत ने उन पर गोलियां चलाईं। घटना में तीन राउंड फायरिंग हुई, जिनमें से एक गोली गाड़ी के टायर पर लगी। गनीमत रही कि सिमरजीत सिंह बैंस को कोई चोट नहीं आई।
थाना डेहलों के एसएचओ सुखजिंदर ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत दर्ज होने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, दोनों भाइयों के घरों के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस टीम दोनों भाइयों के बयान दर्ज कर रही है और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

परिवार में सन्नाटा, हाईकमान सक्रिय
घटना के बाद मीडिया ने जब परिवार से बात करने की कोशिश की तो किसी ने कुछ नहीं कहा। पत्रकारों को फार्महाउस के अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है, और ना ही परिवार किसी तरह की कोई जानकारी साझा कर रहा है। वहीं, सूत्रों के अनुसार अब ये मामला कांग्रेस हाईकमान तक पहुंच चुका है और वह इसे सुलझाने की कोशिश कर रहा है।








