best news portal development company in india

जालंधर में घुसा बारहसिंगा : लोगों में मची अफरातफरी, लोगों ने जाल लगाकर पकड़ा, बारहसिंगा को कई जगह चोटें लगी

SHARE:

जालंधर। पंजाब के जालंधर में शनिवार को एक बारहसिंगा घुस गया। इससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों इकट्ठा हुए तो उन्हें देख बारहसिंगा डर गया और इधर-उधर भागने लगा। लोगों ने जाल लगाकर उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह इधर-उधर भागने-कूदने लगा। इसमें उसे कई जगह से चोटें भी लग गईं।

जालंधर के गांव छोटे गोट में घुसे बारहसिंगा को रेस्क्यू करते वन विभाग कर्मचारी। - Dainik Bhaskar

काफी मशक्कत के बाद लोगों ने उसे जाल में फंसा लिया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे वन विभाग कर्मियों ने किसी तरह बारहसिंगा को काबू किया और अपने साथ ले गई। टीम ने वन विभाग कार्यालय में लेकर उसका उपचार भी किया। इससे पहले वनकर्मियों ने लोगों को सावधान रहने के लिए कहा। बताया कि सर्दी शुरू हो गई है, ऐसे में जंगली जानवरों के रिहायशी इलाकों में आने की घटनाएं बढ़ जाती है। पिछले साल सर्दियों में 70 जंगली जानवरों को रेस्क्यू किया गया था।

गांव छोटे गोट में बारहसिंगा को रेस्क्यू करती पुलिस और वन विभाग की टीम।
गांव छोटे गोट में बारहसिंगा को रेस्क्यू करती पुलिस और वन विभाग की टीम।

यहां जानिए कैसे पकड़ा गया बारहसिंगा…

गांव छोटे गोट में घुसा, लोगों में मची अफरातफरी मामला जालंधर के गांव छोटे गोट का है। शनिवार की दोपहर गांव में चहलपहल थी। इसी दौरान एक बारहसिंगा गांव की गलियां में दिखाई दिया। लोगों ने उसे देखकर शोर मचा दिया कि एक जंगली जानवर गांव में घूम रहा है। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।

बारहसिंगा को जाल लगाकर पकड़ा, कई जगह चोटें लगी

बारहसिंगा को गांव में देख लोगों ने उसे पकड़ने के लिए जाल लगाया। मगर, बारहसिंगा कभी इस गली तो कभी उस गली में कूदता हुआ भागने लगस। लोग भी उसके पीछे-पीछे दौड़ते और पकड़ने की कोशिश करते। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद लोगों ने घेरकर बारहसिंगा को जाल में फंसा लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर इलाज शुरू किया

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बारहसिंगा को रेस्क्यू कर लिया। टीम अपनी गाड़ी साथ लेकर आई थी, जिसमें बारहसिंगा को लादकर ले गई। विभाग के कर्मचारियों का कहना था कि जानवर को कई जगह चोटें लगी हैं। पहले इसका इलाज किया जाएगा और फिर इसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा।

परागपुर पुलिस को दी गई थी पहले जानकारी

परागपुर पुलिस चौकी के एएसआई गुरदयाल ने बताया कि उनको गांव छोटे गोट से एक लड़के अजय का फोन आया था। उसने बताया कि कोई जंगली जानवर उनके गांव में घुस आया है। इस पर पुलिस ने वन विभाग की टीम को सूचित किया और मौके पर पहुंची और पुलिस के पहुंचने तक गांव वालों ने जाल में बारहसिंगा को कैद कर लिया था।

जालंधर में पहले भी रिहायशी इलाकों में घुस चुके जंगली जानवर

जालंधर के रिहायशी इलाकों में पहले भी जंगली जानवरों के घुसने की घटनाएं हो चुकी है। करीब दस माह पहले संतोखपुरा इलाके में जंगली सांभर के आने से अफरा-तफरी मच गई थी। जब लोगों ने अचानक सांभर को सड़क पर भागते देखा तो वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

भयभीत सांभर ने कई वाहनों को भी टक्कर मारी थी। लोगों की भीड़ जुटती देख वह घबरा गया। जिसके बाद सांभर इधर-उधर भागने लगा। सांभर ने प्लाट में खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी तो वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सांभर को पकड़ लिया।

पिछले साल 70 जानवरों को रेस्क्यू किया गया था

रेंज आफिसर फारेस्ट जसवंत सिंह ने बताया कि रात को हल्की सर्दी शुरू हो गई है। ऐसे में धूप के लिए कई बार जानवर जंगल से भटककर रिहायशी इलाकों में आ जाते हैं। सर्दियों में ऐसी घटनाएं अकसर होती हैं, इसलिए लोग सतर्क रहें और किसी जानवर के आने पर विभाग को तुरंत सूचित करें।

उन्होंने बताया कि परागपुर क्षेत्र में पकड़े गए बारहसिंगा को होशियारपुर, चौहाल एरिया के घने जंगल में छोड़ा जाएगा। पकड़ने के दौरान उसे कई जगह चोटें लगी है, जिनका उपचार किया जा रहा है। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई