बठिंडा। हिमाचल के मंडी से BJP सांसद एवं बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनोट आज मानहानि केस में बठिंडा कोर्ट में 2 बजे पेश होंगी। इसको लेकर सुरक्षा टाइट कर दी गई है। बठिंडा सिटी के एसपी नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस की तरफ से लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को देखते हुए कोर्ट में नाकाबंदी की गई है। उन्होंने कहा कि हमारा मेन फोकस लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को बहाल रखने पर है, ताकि कोई शरारती तत्व किसी अप्रिय घटना को अंजाम ना दे सके। SP ने कहा कि किसानों की तरफ से अभी तक किसी तरह के प्रोटेस्ट के कॉल की सूचना नहीं आई है। अगर कोई लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को खराब करने का प्रयास करता है तो पुलिस उसके लिए तैयार है। 2 एसपी के साथ डीएसपी मौके पर तैनात हैं।

यह मामला 2021 का है, जब किसान आंदोलन चल रहा था। उस दौरान कंगना ने बठिंडा के गांव बहादुरगढ़ जंडिया की रहने वाली 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला किसान महिंदर कौर को 100-100 रुपए लेकर धरने में शामिल होने वाली महिला बताते हुए ट्वीट किया था। इसके खिलाफ महिंदर कौर ने कोर्ट में केस दर्ज करवाया था। कंगना का कहना था कि उन्होंने केवल एक वकील की पोस्ट को रिपोस्ट किया था।

अब विस्तार से पूरा मामला पढ़िए…
कंगना रनोट ने महिला किसान पर की थी टिप्पणी
कंगना ने किसान आंदोलन के दौरान एक ट्वीट करते हुए लिखा था कि- किसान आंदोलन में महिलाएं 100 रुपए में शामिल होती हैं। कंगना ने किसान आंदोलन को लेकर एक पोस्ट पर कमेंट भी किया था। इसमें एक बुजुर्ग महिला की फोटो थी। एक्ट्रेस ने लिखा, ‘हाहाहा, ये वही दादी है, जिसे टाइम मैग्जीन में भारत की पावरफुल महिला होने पर फीचर किया गया था। वो 100 रुपए में उपलब्ध है। पाकिस्तानी पत्रकारों ने भारत के लिए शर्मनाक तरीके से इंटरनेशनल पीआर को हाईजैक कर लिया है। हमें इंटरनेशनल लेवल पर बोलने के लिए अपने ही लोगों की जरूरत है।’
4 जनवरी 2021 को किया था केस दायर
बठिंडा के गांव बहादुरगढ़ में रहने वाली महिंदर कौर (81) ने कंगना के ट्वीट के बाद 4 जनवरी 2021 को मानहानि का केस दायर किया था। करीब 13 महीने सुनवाई चली, जिसके बाद बठिंडा की अदालत ने कंगना को समन जारी करते हुए पेश होने का आदेश दिया था। इसके बाद कंगना ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में राहत की याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद वह सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं। जहां से भी कंगना को राहत नहीं मिली। अब उन्हें बठिंडा कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया है।








