अमृतसर। 328 पावन स्वरूपों के मामले को लेकर गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल अमृतसर की ओर से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी से जुड़ी महिला पदाधिकारी चूड़ियां लेकर पहुंची। इस दौरान पार्टी के कार्यकारी प्रधान ईमान सिंह मान और एसपी हरपाल सिंह की बहस भी हुई। प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे कार्यकर्ताओं को एसजीपीसी दफ्तर जाने से रोकने के लिए पहले से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।

शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के कार्यकारी प्रधान ईमान सिंह मान ने बताया कि 328 पावन स्वरूपों का मामला बेहद संवेदनशील है और यह सीधे तौर पर सिख संगत की आस्था से जुड़ा हुआ है। पार्टी का आरोप है कि अब तक न तो इस मामले में पूरी सच्चाई सामने आई है और न ही जिम्मेदारी तय की गई है। इसी कथित लापरवाही के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है।

जवाबदेही न होने पर संस्थाओं की साख पर सवाल
पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि इतने गंभीर मामले में भी जवाबदेही तय नहीं होती, तो यह सिख संस्थाओं की साख पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। प्रदर्शन के दौरान शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के कार्यकारी प्रधान भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे और संगत को संबोधित करेंगे। वे इस मुद्दे पर पार्टी का पक्ष रखते हुए आगे की रणनीति के बारे में भी जानकारी देंगे।
प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। यह देखना अहम होगा कि इस प्रदर्शन के बाद संबंधित संस्थाएं क्या रुख अपनाती हैं और मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।








