best news portal development company in india

पंजाब बोर्ड 10वीं का रिजल्ट घोषित, फरीदकोट की हरलीन शर्मा बनीं स्टेट टॉपर

SHARE:

चंडीगढ़-  पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की तरफ से 10वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। सभी छात्रों के रिजल्ट को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। छात्र अपना रोल नंबर डालकर रिजल्ट देख सकते हैं। फरीदकोट की छात्रा हरलीन शर्मा ने स्टेट में टॉप किया है। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जैतो में पढ़ने वाली हरलीन ने 650 में से पूरे 650 अंक हासिल किए हैं।

वहीं, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल चनौली बस्सी, रूपनगर के छात्र मनिमहेश शर्मा 650 में से 645 अंक हासिल कर दूसरे नंबर पर रहे। उन्होंने 99.23 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।

इसके अलावा श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल खालसा दीवान मॉडल, होशियारपुर की छात्रा रिया रानी को स्टेट में तीसरा स्थान मिला है। उन्होंने 645 अंक हासिल किए हैं। उनके भी 99.23 प्रतिशत अंक हैं।

पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की साइट पर जाएं। वहां होम पेज पर रिजल्ट के लिए लिंक दिया गया है। उसे खोलने के बाद वहां 10वीं कक्षा के रिजल्ट का चयन करना है। उस पर क्लिक करने के बाद रोल नंबर और नाम दर्ज करें। इसके बाद आपका रिजल्ट खुल जाएगा। उसको आप या तो सेव कर सकते हैं या डाउनलोड कर प्रिंट निकाल सकते हैं।

हेल्पलाइन के जरिए भी ले सकते हैं मदद

पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की तरफ से छात्रों को रिजल्ट देखने के लिए वेबसाइट पर सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इसमें वे अपना रोल नंबर और नाम डालकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट pseb.ac.in है। अगर किसी भी छात्र को वहां रिजल्ट देखने में दिक्कत आती है तो उसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। छात्र सीधे 9549161161 पर कॉल कर अपना रिजल्ट या उससे संबंधित कोई भी जानकारी पूछ सकते हैं।

कैसा रहा इस बार का परीक्षा परिणाम…

  • पिछले साल की तुलना में रिजल्ट गिरा: इस साल परीक्षा में कुल 2,69,505 नियमित परीक्षार्थी बैठे थे, जिनमें से 2,54,744 स्टूडेंट पास हुए हैं। इस बार पास स्टूडेंट्स का प्रतिशत 94.52 रहा, जो पिछले साल की तुलना में कम है। पिछले साल 95.61% बच्चे पास हुए थे।
  • लड़कों से बेहतर रहीं लड़कियां: परीक्षा में इस बार लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों के मुकाबले थोड़ा बेहतर रहा। कुल पास स्टूडेंट्स में लड़कियों का पास 95.96% रहा। जबकि, 93.23% लड़के पास हो पाए। वहीं, ट्रांसजेंडर श्रेणी का परिणाम 100% रहा।
  • ग्रामीण क्षेत्रों ने शहरी क्षेत्रों को पीछे छोड़ा: इसी प्रकार क्षेत्रों के हिसाब से देखें तो ग्रामीण इलाकों ने इस बार शहरी क्षेत्रों को पीछे छोड़ दिया। इस बार के परीक्षा परिणामों में जहां ग्रामीण क्षेत्र के 95.35% बच्चे पास हुए। वहीं, शहरी क्षेत्रों के बच्चों का पास प्रतिशत 92.98% रहा।
  • स्कूलों के अनुसार प्रदर्शन: इसके अलावा, यदि स्कूलों के हिसाब से देखें तो सरकारी स्कूल थोड़े पीछे रहे। इनमें पढ़ने वाले 94.45% बच्चे पास हुए हैं। वहीं, गैर-सरकारी (प्राइवेट) स्कूलों में पढ़ने वाले 95.97% बच्चे पास हुए। जबकि, सहायता प्राप्त (एडेड) स्कूलों का परीक्षा परिणाम 89.68% रहा।
  • जिला वार प्रदर्शन में अमृतसर अव्वल: रिजल्ट में जिलेवार प्रदर्शन की बात करें तो सबसे बढ़िया प्रदर्शन अमृतसर ने किया है। यहां के 98.41% बच्चे पास हुए हैं। इस कड़ी में 98.39% के साथ फिरोजपुर दूसरे और 97.99% के साथ पठानकोट तीसरे नंबर पर रहा। सबसे कम परिणाम लुधियाना का रहा, जहां 89.20% बच्चे पास हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई