जालंधर। जालंधर में थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने मेजर कॉलोनी में चाइना डोर बेचने के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कोठी में एक व्यक्ति अवैध रूप से चाइना डोर बेच रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।
चाइना डोर से बाइक सवार हुआ था घायल
गौरतलब है कि दो दिन पहले एक बाइक सवार युवक चाइना डोर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। युवक ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर चाइना डोर बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसी के बाद जालंधर पुलिस की ओर से यह पहली रेड की गई, जिसमें 25 गट्टू चाइना डोर पकड़े गए हैं। शहरवासियों का कहना है कि पुलिस को सिर्फ खुदरा विक्रेताओं तक सीमित न रहकर चाइना डोर के होलसेलरों पर भी सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इसकी सप्लाई जड़ से रोकी जा सके।
पहले भी कई लोग हो चुके घायल
बताया जा रहा है कि पिछले साल भी जालंधर में चाइना डोर के कारण बड़े हादसे सामने आए थे, जिनमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे और जान-माल का नुकसान हुआ था। इसके बावजूद चाइना डोर की अवैध बिक्री पूरी तरह बंद नहीं हो पाई है। अब देखना होगा कि जालंधर पुलिस इस कार्रवाई के बाद चाइना डोर के नेटवर्क तक कितनी गहराई से पहुंच पाती है।








